: जनसुनवाई अन्तर्गत आमजन की समस्याओं का निराकरण किया
Wed, Jul 3, 2024
रतलाम
02
जुलाई
/ कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मंगलवार को जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री श्रृंगार श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर श्री आर.एस. मण्डलोई एवं संयुक्त कलेक्टर श्री अनिल भाना ने जनसुनवाई में आमजन की समस्याएं सुनी और उनका निराकरण किया।
आवेदक मनीष रायकवार निवासी ग्राम रिंगनोद ने बताया कि कोविड वेक्सीनेशन के दौरान एवीडी के रुप में कार्य किया था, जिसका भुगतान लंबित है। इस सम्बन्ध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। धामनोद निवासी आवेदक योगेश ने बताया कि आजाद मार्केट की दुकान क्रमांक 1 व 3 के लिए टेण्डर जमा किए थे, दोनों दुकान मेरे नाम पर आवंटित हुई है और नियमानुसार राशि जमा करवा दी गई है। अमानत राशि वापसी का आवेदन प्रस्तुत किया है किन्तु भुगतान नहीं हुआ है। इस सम्बन्ध में कार्यवाही हेतु नगर पालिका अधिकारी धामनोद को निर्देशित किया गया।
ग्राम करवाखेडी निवासी श्रीमती शांतिबाई ने बताया कि उनकी भूमि पर नवीन निवासी ताल द्वारा कब्जा किया गया है। इस सम्बन्ध में तहसीलदार ताल को कार्रवाई कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया। मांगू पिता दलसिंह डामर निवासी भेरुघाटी तहसील रावटी ने अपनी भूमि पर कोदर पिता मन्ना खराडी, सेमू पिता जीवणा खराडी, रामला पिता कोदर खराडी, हकरु पिता कोदर खराडी के विरुद्ध शिकायत प्रस्तुत की कि प्रार्थी की भूमि पर प्रतिप्रार्थी द्वारा अनुचित कब्जा कर लिया गया है। प्रकरण में एसडीएम सैलाना को कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया है।
पारिवारिक कलह के सम्बन्ध में जमीन को अवैधानिक तौर पर गिरवी रखे जाने के सम्बन्ध में मन्नालाल निवासी ग्राम सादाखेडी ने शिकायत प्रस्तुत करते हुए बताया कि नन्दू निवासी ग्राम सादाखेडी द्वारा विवाद किया जा रहा है और मारपीट करते हुए मेरे हिस्से की जमीन जबरन गिरवी रख दी गई है। इस सम्बन्ध में कार्यवाही हेतु एसडीएम जावरा को निर्देशित किया गया है। अब्दुल हमीद निवासी तोपखाना रतलाम ने बताया कि उनकी कृषि भूमि पर राजवंती पिता जगदीशसिंह चौधरी निवासी रेलवे कालोनी ने जबरन कब्जा कर लिया है और पुराने बबूल के पेड को काट दिया है। प्रकरण में तहसीलदार रतलाम शहर को कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया है।
नसीम मंसूरी निवासी विरियाखेडी, शगूफ्ता मंसूरी ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि आरटीई में एडमिशन दिलाने के बाद कक्षा 8 वीं उत्तीर्ण करने पर 9 वीं कक्षा में पढाई करने पर रतलाम पब्लिक स्कूल द्वारा फीस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है और स्कूल से निकालने की धमकी दी जा रही है। स्कूल की कुल फीस एक वर्ष में 1 लाख 50 हजार रुपए है और इतनी फीस देने में परिवार सक्षम नहीं है, अतः फीस माफ करवाई जाए। प्रकरण में जिला शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया है।
सुमंगल गार्डन के पीछे कस्तुरबा नगर निवासी काशीराम गायकवाड ने नगर निगम इंजीनियर विनोद पाटीदार के विरुद्ध अत्याचार करने का आरोप लगाते हुए बताया कि उनके द्वारा बाउण्ड्रीवाल तोडने हेतु कार्यवाही की जा रही है। आवेदक ने बताया कि प्रार्थी अनुसूचित जाति का रिटायर्ड व्यक्ति है, किन्तु नगर निगम इंजीनियर द्वारा बिना सूचना दिए कार्यवाही की जा रही है जो अनुचित है। प्रकरण में कार्यपालन यंत्री नगर निगम को कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया है।
आवेदक सोहनसिंह निवासी ग्राम नगरा ने घरेलू विद्युत कनेक्शन में सुधार करवाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। प्रकरण में म.प्र. वि.वि. कम्पनी के अधिकारियों को कार्रवाई हेतु कहा गया है। मनावर जिला धार निवासी सुनीता मालवीय ने बताया कि उनका चयन जिला सहकारी बैंक रतलाम में सोसायटी मैनेजर के पद पर हुआ है, दस्तावेजों का परीक्षण 27 फरवरी को हो चुका है किन्तु अब तक नियुक्ति पत्र नहीं मिला है। प्रकरण में महाप्रबंधक जिला सहकारी बैंक को कार्रवाई हेतु लिखा गया है।
: हिंदू को हिंसक कहने पर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा ने पुतला फूंका
Tue, Jul 2, 2024
रतलाम 02 जुलाई । लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा सदन में हिंदू समाज को लेकर दिए गए बयान से भाजपा कार्यकर्ताओं में कड़ी नाराजगी है। राहुल गांधी के "हिंदू" को हिंसक कहने पर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा अध्यक्ष विप्लव जैन के मार्गदर्शन में मंगलवार को युवाओ ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय की मौजूदगी में राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए युवा मोर्चा ने पुतला फूंका।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता व नेताओं ने नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी से माफी मांगे जाने की मांग की। युवा मोर्चा पदाधिकारी एवं युवा नेता गीता मंदिर रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर पहुंचे और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका।
सह मीडिया प्रभारी किशोर सिलावट ने बताया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय युवा मोर्चा जिला महामंत्री रविंद्र पाटीदार, जिला उपाध्यक्ष जलज सांखला, सिद्धार्थ कटारिया, जिला मंत्री शुभम चौहान, ऋषभ दुबे, सह कार्यालय मंत्री शिवम मूणत, सिद्धार्थ मूणत, बंटी पितलिया, मंडल अध्यक्ष आयुष पडियार, राहुल रांका, जयेश जाजोरिया, चिराग असरानी, दीप सिंह देवड़ा, गौरव टांक, सौरभ हिंगड़, राजू चौधरी आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।
: पर्यावरण की सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं, अधिक से अधिक पेड़ लगाएं : कलेक्टर श्री राजेश बाथम
Tue, Jul 2, 2024
रतलाम
01
जुलाई
/
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा एक पौधा मां के नाम अभियान का शुभारंभ किया गया है। इस क्रम में कलेक्टर श्री राजेश कुमार बाथम, सीईओ जिला पंचायत श्री शृंगार श्रीवास्तव द्वारा अभियान हेतु उपयुक्त भूमि चिन्हांकित करने के लिए ग्राम बिरमावल एवं नौगांवकला जनपद पंचायत रतलाम, ग्राम हल्द्वानी जनपद पंचायत पिपलोदा क्षेत्र का भ्रमण किया गया।
भ्रमण के दौरान कलेक्टर ग्राम बिरमावल के कंवलका माता मंदिर पहुंचे, वहां दर्शन उपरांत बिरमावल की पहाड़ी पर वन मंडल अधिकारी श्री दोहरी एवं अन्य विभाग अधिकारियों के साथ पौधा रोपण कार्य किया। उन्होंने कंवलका माता की पहाड़ी पर वृहद पौधारोपण अभियान चलाने एवं सौंदर्यीकरण की कार्य योजना तैयार करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने जिले में एक पौधा मां के नाम अभियान का विस्तारीकरण कर अंतर विभागीय संबंध में आधारित कार्य योजना बनाने हेतु निर्देशित किया। कलेक्टर श्री बाथम ने अपील की कि सभी आमजन एक पौधा मां के नाम लगाए। कलेक्टर ने कहा कि हम सबको मिलकर वायु प्रदूषण एवं जलवायु परिवर्तन से पर्यावरण की सुरक्षा करना है, अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर धरती को हरा-भरा करना है।
कलेक्टर ने कहा कि इस संबंध में प्लास्टिक का उपयोग कम से कम करें, जैविक कचरे से कंपोस्ट उर्वरक बनाएं, प्राकृतिक संसाधनों का समझदारी से उपयोग करें, अधिक से अधिक पौधे लगाएं, यातायात संबंधी साधनों के लिए प्रदूषण रहित साधनों का उपयोग करें, कचरा ना जलाएं, वायु प्रदूषण से बचें। जलवायु परिवर्तन का मानव स्वास्थ्य पर एकाधिक तरीकों से विपरीत प्रभाव होता है।
निरंतर औद्योगिकीकरण एवं शहरीकरण और बदली हुई जीवनशैली जिसमें निरंतर उर्जा की खपत होती है, जो ग्लोबल वार्मिंग को बढावा दे रहा है। जलवायु परिवर्तन से अस्थमा एवं श्वसन संबंधी बीमारियां कैंसर, कार्डियोवास्कुलर बीमारियां, स्ट्रोक, खाद्यजनित बीमारियां, मानसिक स्वास्थ्य एवं स्ट्रेस संबंधी बीमारियां, न्यूरोलॉजिकल बीमारियों के प्रकरण परिलक्षित हो रहे हैं।
श्री बाथम ने कहा कि वायु प्रदूषण हवा में ठोस कणों तरल बिन्दु या गैस के रूप में मौजूद कणों के कारण होता है। ये प्राकृतिक या कृत्रिम हो सकते हैं। अति सूक्ष्म कण नासिका या मुंह द्वारा श्वसन के दौरान फेफडों तक पहुंचते हैं। प्रदूषित हवा मानव स्वास्थ्य के लिए बडा खतरा है इससे बचाव के लिए ज्यादा प्रदूषित जगहों पर ना जाएं। पटाखे, कूडा, पत्तियां आदि ना जलाऐं, प्लास्टिक बिल्कुल ना जलाएं। बीडी-सिगरेट का प्रयोग ना करें और दूसरों को ना करने दें। खाना पकाने के लिए धुआरहित ईंधन का प्रयोग करें, हरियाली रखे। अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें यथासंभव घर में किचन गार्डन बनाऐ। वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान वन मंडल अधिकारी श्री दोहरे ने बताया कि कंवलका माता मंदिर की पहाड़ी पर वन समितियां के माध्यम से नीम, पीपल, बेलपत्र आदि धार्मिक महत्व के पौधे लगाकर समितियों के माध्यम से इनका संरक्षण किया जाएगा।