: आगामी मोहर्रम आयोजन के संबंध में शांति समिति की बैठक आयोजित
Sat, Jul 6, 2024
रतलाम 06 जुलाई
2024
/
आगामी मोहर्रम आयोजन के संबंध में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री आर.एस. मंडलोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश खाखा आदि उपस्थित थे। बैठक में मोहर्रम आयोजन के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश आयोजकों को प्रदान किए गए।
बैठक में शांति समिति के सदस्य एवं आयोजकों से चर्चा करके दिशा-निर्देश प्रदान किए गए कि सभी ताजिया कमेटी को अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा। ताजियों तथा अखाड़े के सुचारू संचालन के लिए वालंटियर बनाए जाने का निर्णय लिया गया। वालंटियर की सूची आयोजकों से प्राप्त कर वालंटियर की पृथक से बैठक रख आवश्यक समझाईश दी जाएगी। निर्देशित किया गया कि वालंटियर को ताजिया कमेटी द्वारा कार्ड दिया जाएगा, ताजिए के संचालन की जिम्मेदारी वालंटियर की रहेगी।
बिजली के तार तथा अन्य केबल्स को नुकसान नहीं पहुंचे, ताजियों का चलन आसानी से हो सके, इसलिए ताजिए की ऊंचाई ग्रामीण क्षेत्र में 10 फीट, रतलाम जावरा शहर में ऊंचाई 11 फीट एवं कंधों पर उठा जाने के बाद 16 से 17 फीट से अधिक नहीं रहेगी। अनुमति में दिए गए समय के अनुसार ही ताजियों अखाड़े का प्रारंभ एवं समापन किया जाएगा। अनुमति अनुसार सभी शर्तों का पालन किया जाए, सामाजिक तत्वों द्वारा व्यवधान उत्पन्न करने पर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। अखाड़े में शस्त्र, धारदार हथियार प्रतिबंध रहेंगे।
मोहर्रम आयोजन के संबंध में रतलाम के अलावा जिले के अन्य स्थानों पर भी शांति समिति बैठकर आयोजित की गई। बताया गया कि रतलाम जिले में लगभग कुल 215 ताजिए एवं लगभग 15 अखाड़े निकले जाएंगे जिनमें से रतलाम शहर में 40 ताजिए, जावरा शहर में 52 ताजिए, रतलाम ग्रामीण क्षेत्र 45, सैलाना 9, जावरा ग्रामीण 41, आलोट में 28 ताजिए निकाले जाएंगे।
: जनसुनवाई अन्तर्गत आमजन की समस्याओं का निराकरण किया
Wed, Jul 3, 2024
रतलाम
02
जुलाई
/ कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मंगलवार को जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री श्रृंगार श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर श्री आर.एस. मण्डलोई एवं संयुक्त कलेक्टर श्री अनिल भाना ने जनसुनवाई में आमजन की समस्याएं सुनी और उनका निराकरण किया।
आवेदक मनीष रायकवार निवासी ग्राम रिंगनोद ने बताया कि कोविड वेक्सीनेशन के दौरान एवीडी के रुप में कार्य किया था, जिसका भुगतान लंबित है। इस सम्बन्ध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया। धामनोद निवासी आवेदक योगेश ने बताया कि आजाद मार्केट की दुकान क्रमांक 1 व 3 के लिए टेण्डर जमा किए थे, दोनों दुकान मेरे नाम पर आवंटित हुई है और नियमानुसार राशि जमा करवा दी गई है। अमानत राशि वापसी का आवेदन प्रस्तुत किया है किन्तु भुगतान नहीं हुआ है। इस सम्बन्ध में कार्यवाही हेतु नगर पालिका अधिकारी धामनोद को निर्देशित किया गया।
ग्राम करवाखेडी निवासी श्रीमती शांतिबाई ने बताया कि उनकी भूमि पर नवीन निवासी ताल द्वारा कब्जा किया गया है। इस सम्बन्ध में तहसीलदार ताल को कार्रवाई कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया। मांगू पिता दलसिंह डामर निवासी भेरुघाटी तहसील रावटी ने अपनी भूमि पर कोदर पिता मन्ना खराडी, सेमू पिता जीवणा खराडी, रामला पिता कोदर खराडी, हकरु पिता कोदर खराडी के विरुद्ध शिकायत प्रस्तुत की कि प्रार्थी की भूमि पर प्रतिप्रार्थी द्वारा अनुचित कब्जा कर लिया गया है। प्रकरण में एसडीएम सैलाना को कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया है।
पारिवारिक कलह के सम्बन्ध में जमीन को अवैधानिक तौर पर गिरवी रखे जाने के सम्बन्ध में मन्नालाल निवासी ग्राम सादाखेडी ने शिकायत प्रस्तुत करते हुए बताया कि नन्दू निवासी ग्राम सादाखेडी द्वारा विवाद किया जा रहा है और मारपीट करते हुए मेरे हिस्से की जमीन जबरन गिरवी रख दी गई है। इस सम्बन्ध में कार्यवाही हेतु एसडीएम जावरा को निर्देशित किया गया है। अब्दुल हमीद निवासी तोपखाना रतलाम ने बताया कि उनकी कृषि भूमि पर राजवंती पिता जगदीशसिंह चौधरी निवासी रेलवे कालोनी ने जबरन कब्जा कर लिया है और पुराने बबूल के पेड को काट दिया है। प्रकरण में तहसीलदार रतलाम शहर को कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया है।
नसीम मंसूरी निवासी विरियाखेडी, शगूफ्ता मंसूरी ने आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि आरटीई में एडमिशन दिलाने के बाद कक्षा 8 वीं उत्तीर्ण करने पर 9 वीं कक्षा में पढाई करने पर रतलाम पब्लिक स्कूल द्वारा फीस लेने के लिए दबाव बनाया जा रहा है और स्कूल से निकालने की धमकी दी जा रही है। स्कूल की कुल फीस एक वर्ष में 1 लाख 50 हजार रुपए है और इतनी फीस देने में परिवार सक्षम नहीं है, अतः फीस माफ करवाई जाए। प्रकरण में जिला शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया है।
सुमंगल गार्डन के पीछे कस्तुरबा नगर निवासी काशीराम गायकवाड ने नगर निगम इंजीनियर विनोद पाटीदार के विरुद्ध अत्याचार करने का आरोप लगाते हुए बताया कि उनके द्वारा बाउण्ड्रीवाल तोडने हेतु कार्यवाही की जा रही है। आवेदक ने बताया कि प्रार्थी अनुसूचित जाति का रिटायर्ड व्यक्ति है, किन्तु नगर निगम इंजीनियर द्वारा बिना सूचना दिए कार्यवाही की जा रही है जो अनुचित है। प्रकरण में कार्यपालन यंत्री नगर निगम को कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया है।
आवेदक सोहनसिंह निवासी ग्राम नगरा ने घरेलू विद्युत कनेक्शन में सुधार करवाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। प्रकरण में म.प्र. वि.वि. कम्पनी के अधिकारियों को कार्रवाई हेतु कहा गया है। मनावर जिला धार निवासी सुनीता मालवीय ने बताया कि उनका चयन जिला सहकारी बैंक रतलाम में सोसायटी मैनेजर के पद पर हुआ है, दस्तावेजों का परीक्षण 27 फरवरी को हो चुका है किन्तु अब तक नियुक्ति पत्र नहीं मिला है। प्रकरण में महाप्रबंधक जिला सहकारी बैंक को कार्रवाई हेतु लिखा गया है।
: हिंदू को हिंसक कहने पर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा ने पुतला फूंका
Tue, Jul 2, 2024
रतलाम 02 जुलाई । लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा सदन में हिंदू समाज को लेकर दिए गए बयान से भाजपा कार्यकर्ताओं में कड़ी नाराजगी है। राहुल गांधी के "हिंदू" को हिंसक कहने पर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा अध्यक्ष विप्लव जैन के मार्गदर्शन में मंगलवार को युवाओ ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय की मौजूदगी में राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए युवा मोर्चा ने पुतला फूंका।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता व नेताओं ने नारेबाजी करते हुए राहुल गांधी से माफी मांगे जाने की मांग की। युवा मोर्चा पदाधिकारी एवं युवा नेता गीता मंदिर रोड स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर पहुंचे और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका।
सह मीडिया प्रभारी किशोर सिलावट ने बताया कि विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय युवा मोर्चा जिला महामंत्री रविंद्र पाटीदार, जिला उपाध्यक्ष जलज सांखला, सिद्धार्थ कटारिया, जिला मंत्री शुभम चौहान, ऋषभ दुबे, सह कार्यालय मंत्री शिवम मूणत, सिद्धार्थ मूणत, बंटी पितलिया, मंडल अध्यक्ष आयुष पडियार, राहुल रांका, जयेश जाजोरिया, चिराग असरानी, दीप सिंह देवड़ा, गौरव टांक, सौरभ हिंगड़, राजू चौधरी आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।