महिला आयोग ने शुरू की टोल-फ्री हेल्पलाइन : अब एक कॉल पर मिलेगी सहायता और न्याय
Thu, Jun 11, 2026
मध्यप्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा को और अधिक मजबूत करने की दिशा में राज्य महिला आयोग ने एक बड़ा कदम उठाया है। आयोग द्वारा प्रदेश की महिलाओं के लिए एक विशेष टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-233-6112 का शुभारंभ किया गया है। इस हेल्पलाइन के माध्यम से अब प्रदेश की कोई भी महिला सीधे आयोग से संपर्क कर अपनी शिकायतें, समस्याएं और सुझाव दर्ज करा सकेगी।
भोपाल स्थित राज्य महिला आयोग कार्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान आयोग की अध्यक्ष रेखा यादव, सदस्य साधना स्थापक तथा आयोग के सचिव सुरेश तोमर ने इस हेल्पलाइन का विधिवत विमोचन किया।
सहजता से मिलेगा न्याय और सहायता : कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयोग की अध्यक्ष रेखा यादव ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल कागजी योजनाओं तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि महिलाओं को न्याय और सहायता तक सहज पहुंच उपलब्ध कराना भी बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा, "यह नई टोल-फ्री हेल्पलाइन महिलाओं और आयोग के बीच सीधा सेतु बनेगी। इससे पीड़ितों की समस्याओं का तुरंत संज्ञान लेकर प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी। यह व्यवस्था विशेष रूप से उन ग्रामीण व दूर-दराज की महिलाओं के लिए वरदान साबित होगी जो किसी कारणवश सीधे आयोग के दफ्तर तक नहीं पहुंच पाती हैं।" रेखा यादव ने प्रदेश की सभी महिलाओं से अपील की है कि वे आवश्यकता पड़ने पर बिना किसी संकोच के इस टोल-फ्री नंबर पर संपर्क करें।
संवेदनशीलता और प्राथमिकता से होगी कार्रवाई : आयोग की सदस्य साधना स्थापक ने महिलाओं को सुरक्षित और न्यायपूर्ण वातावरण देने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हेल्पलाइन पर आने वाली हर एक शिकायत को पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता से लिया जाएगा और प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी ताकि पीड़ित महिलाओं को जल्द से जल्द राहत मिल सके।
पारदर्शी और सुलभ होगी प्रक्रिया : आयोग के सचिव सुरेश तोमर ने हेल्पलाइन की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि यह व्यवस्था केवल शिकायत दर्ज करने तक सीमित नहीं रहेगी। यह नंबर शिकायतों के पंजीयन के साथ-साथ महिलाओं के मार्गदर्शन, काउंसिलिंग (परामर्श) और मामलों के फॉलोअप के लिए भी एक प्रभावी माध्यम के रूप में काम करेगा। इससे पूरी शिकायत निवारण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और सुलभ बनेगी। विमोचन के अवसर पर आयोग के तमाम वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
याद रखें: संकट या आवश्यकता के समय मध्यप्रदेश राज्य महिला आयोग की इस हेल्पलाइन का लाभ उठाने के लिए टोल-फ्री नंबर 1800-233-6112 पर कॉल करें।
पानी की अवैध फैक्ट्री सील : दो बत्ती के जूस सेंटर पर मिली एक्सपायरी सामग्री Video
Sun, May 31, 2026
मध्यप्रदेश में मिलावटखोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार को संभागीय उड़नदस्ते ने रतलाम में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निर्देश पर गठित इस दल ने शहर के दो प्रमुख प्रतिष्ठानों प्रताप नगर स्थित 'शिप्रा इंटरप्राइजेज' और दो बत्ती स्थित 'आदर्श जूस सेंटर' पर औचक निरीक्षण कर सख्त कदम उठाए। अस्वच्छ परिस्थितियों और नियमों के उल्लंघन के चलते पानी की एक बड़ी यूनिट को मौके पर ही सील कर दिया गया।
फैक्ट्री में बंद मिली लैब, 2700 से अधिक बोतलें जब्त : उड़नदस्ते की जांच में प्रताप नगर स्थित 'शिप्रा इंटरप्राइजेज' में भारी अनियमितताएं पाई गईं। यहाँ बेहद अस्वच्छ माहौल में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर तैयार किया जा रहा था। ताज्जुब की बात यह है कि पानी की बोतलों पर न तो पैकिंग की तारीख दर्ज थी और न ही एक्सपायरी डेट। मौके पर गुणवत्ता जांचने वाली लैब भी बंद मिली।
लाइसेंस की शर्तों का खुलेआम उल्लंघन पाए जाने पर टीम ने तत्काल खाद्य अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) निलंबन की कार्रवाई प्रस्तावित की और परिसर को सील कर दिया। टीम ने मौके से 'माही पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर' (500 ML) की 1608 बोतलें और 'वाटर लियो पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर' (1 लीटर) की 1100 बोतलें जब्त कीं। दोनों ब्रांड के पानी के नमूने जांच के लिए भोपाल स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
जूस सेंटर पर उपयोग हो रही थी एक्सपायरी क्रीम : इसी कड़ी में टीम ने दो बत्ती चौराहे पर स्थित 'आदर्श जूस सेंटर' पर भी दबिश दी। यहाँ बेहद गंदगी के बीच जूस और शेक का निर्माण किया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान टीम तब चौंक गई जब पाया कि शेक बनाने में एक्सपायरी डेट की 'अमुल फ्रेश क्रीम' का इस्तेमाल किया जा रहा था। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके से एक्सपायर्ड क्रीम को हटाने के साथ ही अनार जूस, मैंगो शेक और पनीर के नमूने संग्रहित किए।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई : संभागीय उड़नदस्ते में शामिल खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री बसंत दत्त शर्मा और श्री शैलेश गुप्ता ने बताया कि उज्जैन संभाग के जिलों में शीतल पेय, जूस, मिठाई और लड्डू जैसी खाद्य सामग्रियों की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए यह निगरानी अभियान लगातार जारी रहेगा। रतलाम से लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए भोपाल प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आते ही संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
महापौर ने किया भूमि पूजन : 1.52 करोड़ से बनेगी नई सड़क और नाला Video
Wed, May 27, 2026
रतलाम शहर के वार्ड क्रमांक 41 व 42 स्थित सायर चबुतरा से घांस बाजार बजरंगबली के मंदिर तक सीमेन्ट कांक्रीट सड़क व नाले के निर्माण कार्य का भुमि पूजन महापौर प्रहलाद पटेल ने निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, मंडल अध्यक्ष निलेश गांधी, नेता पक्ष भगतसिंह भदौरिया, महापौर परिषद सदस्य, पार्षदगण, क्षेत्रिय पार्षद द्वय दिलीप गांधी, हितेश कामरेड तथा क्षेत्रिय नागरिकों के साथ विधिवत् पूजा-अर्चना कर किया।
महापौर प्रहलाद पटेल ने इस अवसर पर बताया कि सायर चबुतरा से घांस बाजार बजरंगबली के मंदिर तक की सड़क व नाले का निर्माण 1.52 करोड़ की लागत से किया जायेगा।
उन्होने कहा कि सायर चबुतरा से घांस बाजार बजरंगबली के मंदिर तक की सड़क व नाले निर्माण में आने वाले अतिक्रमण को हटाया जायेगा इस कार्य में रहवासी व व्यापारी नगर निगम को सहयोग करते हुए अपना अतिक्रमण स्वंय हटा लेवें। महापौर प्रहलाद पटेल ने इस अवसर पर कहा कि रतलाम नगर को स्वच्छ व सुन्दर बनाने में नागरिकों की सहभागिता आवश्यक है। इस हेतु वे अपने घरो, दुकानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे का पृथक्कीकरण कर निगम के कचरा संग्रहण वाहन के पृथक-पृथक भागों में डालें।
भूमि पूजन के अवसर पर महापौर परिषद पप्पू पुरोहित, अक्षय संघवी, धर्मेन्द्र व्यास, मनोहरलाल राजू सोनी, मोहम्मद सलीम बागवान, पार्षद परमानन्द योगी, योगेश पापटवाल, शक्तिसिंह राठौर, रणजीत टांक, धर्मेन्द्र रांका, हेमन्त राहोरी, करण वशिष्ठ, पार्षद प्रतिनिधि राजेश माहेश्वरी, पूर्व पार्षद एहसाल लला खोखर के अलावा राज लुनिया, अलतेश नागोरी, इमरान खोखर, धर्मेन्द्र मण्डवारिया, नितेश तलेरा, हर्षित गांधी, संजय पालीवाल, अंकुर मालवीय, नासिर, चेतन पावेचा, आयुष परिहार, परवेज भाई सहित क्षेत्रिय नागरिक व व्यापारी उपस्थित थे।