बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्राले ने बाइक सवार दंपती को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक दुर्घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और 3 साल की मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने बाईपास पर चक्काजाम कर दिया और मौके पर पहुंची
डायल 112
गाड़ी में तोड़फोड़ की।
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार परिवार रतलाम-मंदसौर मार्ग से गुजर रहा था। जैसे ही वे
नामली थाना अंतर्गत कंडारवासा
के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे एक भारी ट्राले ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और रौंदते हुए निकल गया। हादसे में बाइक चालक युवक की मौके पर ही सांसें थम गईं। वहीं, उसकी पत्नी और 3 वर्षीय बेटी लहूलुहान हालत में सड़क पर तड़पते मिले, जिन्हें तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
पुलिस वाहन पर पथराव, हाईवे जाम :
घटना के बाद कंडारवास और आसपास के ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बाईपास पर ही शव रखकर लोगों ने चक्काजाम कर दिया, जिससे रतलाम और मंदसौर के बीच यातायात पूरी तरह ठप हो गया। जब नामली थाने की पुलिस और
डायल 112
मौके पर पहुंची, तो आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया और सरकारी वाहन के कांच फोड़ दिए। लोगों का आरोप है कि कंडारवास बाईपास पर आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन भारी वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लगाने के लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं।
स्थिति नियंत्रण में, मामला दर्ज :
हंगामे की सूचना मिलने पर भारी पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई और सुरक्षा इंतजामों का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। पुलिस ने दुर्घटनाकारी ट्राले को कब्जे में लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।