: रतलाम जिले में नरवाई जलाना और भूसा चारा निर्यात हुआ प्रतिबंधित
Fri, Mar 21, 2025
रतलाम 20 मार्च 2025/ कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री राजेश बाथम ने जन शांति, लोक प्रशांति कायम रखने, अप्रिय स्थिति की रोकथाम के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू करते हुए जिले में खेतों में नरवाई जलाना प्रतिबंधित कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार रतलाम जिले की सीमा में कोई भी किसान अथवा व्यक्ति अपने खेतों में फसल कटाई के बाद खेत की साफ-सफाई एवं खापे नरवाई को नष्ट करने के उद्देश्य से उनमें आग जलाकर नष्ट नहीं करेगा। ऐसा कोई व्यक्ति, निकाय या किसान जिसके पास दो एकड़ तक की भूमि है तो उसको नरवाई जलाने पर पर्यावरण क्षति के रूप में 2500 प्रति घंटे के मांन से आर्थिक दंड भरना होगा। ऐसा कोई व्यक्ति, निकाय या कृषक जिसके पास दो से पांच एकड़ तक की भूमि है तो उसको नरवाई जलाने पर पर्यावरण क्षति के रूप में 5000 रुपए प्रति घंटे के मान से आर्थिक दंड भरना होगा। ऐसा कोई व्यक्ति, निकाय या कृषक जिसके पास पांच एकड़ तक की भूमि है तो उसको नरवाई जलाने पर पर्यावरण क्षति के रूप में 15000 रुपए प्रति घंटे के मान से आर्थिक दंड भरना होगा।
यदि कोई व्यक्ति आदेश का उल्लंघन करता है तो उसे भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के अंतर्गत दंडनीय अपराध का दोषी होकर विधि के प्रावधानों के तहत अभियोजित किया जाएगा।
जिले से भूसा चारा निर्यात प्रतिबंधित
रतलाम जिले में चारा भूसा की पूर्ति तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी श्री राजेश बाथम ने नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 के धार 163 के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक आदेश लागू करते हुए किसी भी व्यक्ति या संस्था द्वारा पशुचारा, घास, भूसा, कड़बी, ज्वार, मक्का के डंठल आदि बगैर अनुमति जिले से बाहर निर्यात करना प्रतिबंधित कर दिया है।
जारी आदेश में कहा गया है कि ओद्योगिक फैक्ट्री के बॉयलर आदि में पशुचारा, भूसा का ईंधन के रूप में उपयोग करना प्रतिबंधित रहेगा। भूसा चारे का युक्तिसंगत मूल्य से अधिक मूल्य पर किसी भी व्यक्ति द्वारा क्रय-विक्रय करना एवं चारा भूसा का कृत्रिम अभाव उत्पन्न करने के लिए अनावश्यक रूप से संग्रहण करना प्रतिबंधित रहेगा। इसी प्रकार ईंधन उपयोगी भूसे का स्टॉक के लिए लाइसेंसधारी उद्योग ही स्टॉक कर सकेंगे। इसकी सुरक्षा की समस्त जिम्मेदारी संबंधित लाइसेंसधारी की रहेगी। प्रतिबंधित अवधि में जिले के बाहर लेकर जाना प्रतिबंधित रहेगा। आदेश का उल्लंघन करने पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के अंतर्गत व्यक्ति दंडनीय अपराध का दोषी होकर उसे विधि के प्रावधानों के तहत अभियोजित किया जाएगा।
: जिला स्तरीय जनसुनवाई में 48 आवेदनों पर निराकरण के निर्देश
Wed, Mar 19, 2025
रतलाम 18 मार्च 2025/
जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में संपन्न हुई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर डा. शालिनी श्रीवास्तव तथा संयुक्त कलेक्टर श्री संजीव केशव पाण्डे ने 48 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों को निराकरण के निर्देश जारी किए। इस अवसर पर एडीएम उपस्थित थी।
जनसुनवाई में तुर्कवाडी पिपलौदा निवासी रमीज खान ने आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थी पिपलौदा में निवासरत है तथा प्रार्थी द्वारा 31 मार्च 2025 तक जलकर राशि का भुगतान कर दिया गया है उसके बाद भी नगर परिषद् द्वारा परेशान किया जाकर विगत 2 मार्च को नल कनेक्शन विच्छेद कर दिया गया है। प्रार्थी द्वारा अग्रिम जलकर राशि जमा करने के बाद भी मूलभूत सुविधा से वंचित किया जा रहा है। बार-बार नल कनेक्शन विच्छेद किए जाने से पाइप भी क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। नल कनेक्शन प्रदान करने की कृपा की जाए। आवेदन निराकरण के लिए सीएमओ पिपलौदा को भेजा गया है।
ग्राम बोदिना निवासी दीपक सेन ने अपने आवेदन में बताया कि प्रार्थी को तहसीलदार के आदेशानुसार भू-अधिकार के तहत पट्टा जारी किया गया था, जिसमें भूमि सीमांकन नहीं किया गा है। कृपया भू-अधिकार के तहत पट्टा सीमांकन किया जाए। आवेदन निराकरण के लिए नायब तहसीलदार नामली को भेजा गया है। रामपुरिया निवासी सुनीता देवदा तथा रानीबाई ने जनसुनवाई के दौरान बताया कि प्रार्थिया की निजी भूमि है जिसमें बनने वाले निवेश क्षेत्र के अन्तर्गत प्रार्थिया की भूमि में पोल लगा दिए गए हैं और कहा जा रहा है कि यह सह-शासकीय भूमि है। इस सम्बन्ध में आर.आई. पटवारी को आवेदन दिया गया है परन्तु कोई कार्रवाई नहीं की गई है। कृपया प्रार्थिया की भूमि से उक्त पोल हटाए जाएं। आवेदन निराकरण के लिए तहसीलदार रतलाम को भेजा गया है।
नामली निवासी राधेश्याम सेन ने बताया कि वार्ड क्रमांक 2 में गंदे पानी की निकासी नहीं होने से गंदा पानी नागरिकों के घरों में घुस रहा है। साथ ही मच्छरों के कारण बीमारियां फैल रही हैं। नाली बनाए जाने हेतु नगर परिषद में भी आवेदन दिया जा चुका है परन्तु कोई सुनवाई नहीं की जा रही है। अतः वार्ड क्र. 2 में गंदे पानी की निकासी के लिए नाली बनाई जाए। आवेदन निराकरण के लिए सीएमओ नामली को भेजा गया है।
जयभारत नगर निवासी शब्बीर हुसैन ने बताया कि प्रार्थी की पत्नी हृदय रोग से पीडित है तथा डाक्टर द्वारा आपरेशन के लिए कहा गया है। प्रार्थी पेंशनधारी है जिससे पत्नी का उचित उपचार करवाने में असमर्थ है, प्रार्थी की आर्थिक स्थिति भी दयनीय है कृपया पत्नी के उपचार के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। आवेदन निराकरण के लिए संबंधित शाखा को भेजा गया है।
ग्राम बाजेडा निवासी विनोद कुमार ने अपने आवेदन में बताया कि प्रार्थी के संयुक्त खाते की कृषि भूमि ग्राम बाजेडा में ही स्थित है। उक्त भूमि के खसरा रिकार्ड में आईडीबीआई बैंक शाखा जडवासाकला का 5 लाख 12 हजार रुपए का बंधक प्रदर्शित हो रहा है जबकि ऐसा कोई ऋण हम खातेदारों द्वारा कभी उक्त शाखा से लिया ही नहीं गया है। इस सम्बन्ध में बैंक अधिकारियों से बात करने के बाद भी उक्त बंधक को नहीं हटाया जा रहा है और आनलाईन खसरा रिकार्ड से बंधक मुक्त नहीं हो रहा है। कृपया उक्त खसरा रिकार्ड से बंधक हटवाने की कृपा करें। आवेदन निराकरण के लिए संबंधित विभाग को भेजा गया है।
: एसपी द्वारा जन्मदिन के दिन की गई जनसुनवाई, 17 सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का किया गया निराकरण
Tue, Mar 18, 2025
आज दिनांक 18 मार्च 2025 मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय रतलाम में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। एसपी श्री अमित कुमार ने एवं अतिरिक्त एएसपी श्री राकेश खाखा द्वारा 40 शिकायतकर्ताओं की समस्याएं ध्यान पूर्वक सुनीं गई और उपस्थित एसडीओपी/सीएसपी एवं थाना प्रभारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन में 40 आवेदकों की शिकायतें में से आज दिनांक को 17 सी.एम हेल्पलाइन शिकायतों का त्वरित निराकरण कराया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त लंबित शिकायतों पर की गई कारवाई की समीक्षा की गई और अधिकारियों को समय बद्ध कार्रवाई का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गई।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान करना है। यह प्रक्रिया नागरिकों की समस्याओं को सुलझाने और प्रशासन में पारदर्शिता लाने के लिए नियमित रूप से जारी रहेगी।
जनसुनवाई शिविर के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश खाखा, सीएसपी रतलाम श्री सत्येंद्र घनघोरिया, सीएसपी जावरा श्री दुर्गेश आर्मो, एसडीओपी रतलाम ग्रामीण श्री किशोर पाटनवाला, जावरा श्री संदीप मालवीय, , एसडीओपी सैलाना सुश्री नीलम बघेल, डीएसपी श्री शेर सिंह भूरिया, डीएसपी श्री अजय सारवान सहित सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।