: 60 आवेदनों पर जनसुनवाई, निराकरण के निर्देश संबंधित विभागों को जारी
Wed, Oct 2, 2024
रतलाम
01 अक्टूबर 2024/
जिला स्तरीय जनसुनवाई मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय परिसर में संपन्न हुई। इस दौरान एडीएम डा. शालिनी श्रीवास्तव तथा सीईओ जिला पंचायत श्री श्रृंगार श्रीवास्तव द्वारा 60 आवेदनों पर जनसुनवाई करते हुए निराकरण के निर्देश संबंधित विभागों को जारी किए गए।
जनसुनवाई के दौरान राम रहीम नगर रतलाम निवासी हबीबुर्रहमान ने अपने आवेदन में बताया कि प्रार्थी जिस भवन में निवास करता है उस भवन के समीप ही एक विद्युत पोल लगा हुआ जो कि झुक कर प्रार्थी के मकान से टकरा रहा है। उक्त विद्युत पोल से निकल रहे विद्युत तार भी प्रार्थी के मकान के समीप ही झूल रहे हैं जिससे कभी भी कोई जन-धन की हानि हो सकती है। अतः उक्त विद्युत पोल को परिवर्तित कर अन्य स्थान पर लगाया जाए। आवेदन निराकरण के लिए डीई म.प्र. विद्युत मण्डल को प्रेशित किया गया है।
ग्राम नगरा निवासी तपन पाटीदार ने आवेदन देते हुए बताया कि प्रार्थी की कृशि भूमि गांव में ही स्थित है जिसके समीप पेट्रोल पम्प स्थित है। पेट्रोल पम्प द्वारा समीप में बह रहे नाले को मिट्टी डालकर बंद कर दिया गया है और मेरी कृषि भूमि में गंदा पानी, अन्य सामग्री डाली जा रही है, जिससे कृषि भूमि प्रदूशण का शिकार हो रही है। इस सम्बन्ध में तहसीलदार एवं सचिव को भी पूर्व में अवगत करवा दिया गया था परन्तु कोई कार्यवाही नहीं की गई। कृपया समस्या का समाधान किया जाए। आवेदन निराकरण के लिए एसडीएम रतलाम शहर को प्रेशित किया गया है।
ग्राम मोरवानी निवासी अजयसिंह ने जनसुनवाई के दौरान बताया कि गांव के ही कुछ कतिपय व्यक्तियों द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करते हुए उस पर नानवेज की दुकान लगा दी गई है तथा वहीं पर व्यक्तियों द्वारा शराब सेवन किया जा रहा है, जिससे महिलाओं और राहगीरों का निकलना भी दूभर हो गया है। इस सम्बन्ध में सी.एम. हेल्प लाईन पर शिकायत की गई थी परन्तु कोई कार्रवाई नहीं की गई है। आवेदन निराकरण के लिए तहसीलदार रतलाम शहर को भेजा गया है।
शैरानीपुरा निवासी अनवर खाँ ने बताया कि प्रार्थी द्वारा आईसीआईसी बैंक शाखा दो बत्ती रतलाम से दुपहिया वाहन फायनेंस करवाया गया था जिसकी समस्त राशि 29 फरवरी 24 को अदा कर दी गई थी, इसके बाद भी बैंक द्वारा प्रार्थी को अनापत्ति प्रमाण पत्र प्रदान नहीं किया जा रहा है। कृपया अनापत्ति प्रमाण पत्र दिलवाने में मदद की जाए। आवेदन निराकरण के लिए एलडीएम रतलाम को प्रेशित किया गया है।
ग्राम जडवासाकलां निवासी प्रकाश पिता गणेश ने जनसुनवाई के दौरान बताया कि प्रार्थी दिव्यांग है तथा आर्थिक स्थिति काफी दयनीय है तथा कच्चे मकान में निवासरत है। मकान भी गिरने की स्थिति में है। अतः प्रार्थी को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ प्रदान किया जाए। आवेदन जिला पंचायत आवास शाखा में निराकरण के लिए भेजा गया है। ताल तहसील के ग्राम लूनी निवासी कैलाश ने बताया कि प्रार्थी का गांव में ही जामफल का खेत है तथा प्रार्थी को हर माह मस्टर्ड की मजदूरी मिलती थी। सरपंच व सचिव द्वारा मेरे जाब कार्ड से रुपए भी ट्रांसफर करवा लिए हैं और मुझे राशि प्राप्त नहीं हो रही है। अतः राशि प्रदान करवाई जाए। आवेदन निराकरण के लिए जिला पंचायत प्रेशित किया गया है।
: गांधी जयंती पर पशु वध करना व मटन विक्रय करना प्रतिबंधित रहेगा
Tue, Oct 1, 2024
रतलाम 1 अक्टूबर । मध्यप्रदेश शासन के आदेशानुसार 2 अक्टूबर गांधी जयंती पर नगर सीमा में स्थित समस्त पशु वध गृह एवं मांस विक्रय की दुकानों पर पशुवध करना, मटन, गौश्त विक्रय करना अथवा बेचना निषेध किया गया है। निगम आयुक्त श्री हिमांशु भट्ट ने संबंधित स्वच्छता निरीक्षकों को निर्देशित किया है कि उक्त दिवस को पशु वध करते या मटन गौश्त विक्रय करते पाया जाये तो संबंधित के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाये।
: मनीषा अनिल कुमार तलेरा द्वारा 30 उपवास का मासखमण तप पूर्ण
Mon, Sep 30, 2024
आराधना भवन श्री संघ की सुश्राविका मोहनबाई सौभागमल जी तलेरा परिवार में सो. मनीषा अनिल कुमार तलेरा ने महामृत्युंजय तप मासखमण 30 उपवास की तपस्या परम पूज्य गणिवर्य कल्याणरत्न विजय जी म. सा. की निश्रा में एवं तलेरा परिवार की कुल दीपिका पूज्य साध्वी भगवंत श्री शौर्य प्रिय श्री जी महाराज साहब की प्रेरणा से अपने आत्म बल को मजबूत कर पूर्ण की।
इस उपलक्ष में तलेरा परिवार द्वारा तप अनुमोदनार्थ तपस्या महोत्सव मनाया गया। इस सुप्रसंग के लिए प्रातः 6:30 बजे परम पूज्य गणिवर्य कल्याणरत्न विजय जी म. सा. मोती पूज्य जी मंदिर से चतुर्विध संघ के साथ प्रयाण कर राम मंदिर चौराहे पर पधारे, यहां अनिल तलेरा परिवार के साथ आराधना भवन श्री संघ, कस्तूरबा नगर श्रीसंघ, सज्जन मिल जैन श्री संघ के सैकड़ो की संख्या में समाज जन ने भव्य अगवानी की। वहां से सामैया प्रारंभ हुआ जिसमें ढोल पार्टी के साथ घंटनाद किया जा रहा था। सुसज्जित बग्घी में शंखेश्वर पारसनाथ प्रभु की तस्वीर शोभायमान रही। रास्ते भर गुरु भगवंत के समक्ष गहुली कर समाज जन आशीर्वाद प्राप्त करते रहे। गुरुजी हमारे आए हैं, नई रोशनी लाए हैं, के नारे लगाते रहे। सामैया कस्तूरबा नगर मुख्य मार्ग होते हुए तपस्वी मनीषा अनिल तलेरा के निवास स्थान पर पहुंचा जहां सुंदर गहुली और श्राविकाओं द्वारा सर पर कलश रखकर गुरु भगवंत की अगवानी की गई। यहां गुरु भगवंत ने तलेरा परिवार को संक्षिप्त हित शिक्षा प्रदान की। सामैया वहां से कस्तूरबा नगर श्री नमीनाथ जैन मंदिर पहुंचा, जहां प्रभु दर्शन वंदन एवं सामूहिक चैत्यवंदन किया गया। वहां से सामैया तपोत्सव स्थल सुमंगल गार्डन पहुंचकर धर्म सभा में परिवर्तित हो गया। प्रारंभ में सुमित तलेरा ने सुंदर स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
पूज्य गुरुदेव कल्याणरत्न विजय जी म. सा. ने फरमाया कि आपका मन सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है जिसमें हमेशा संकल्प विकल्प चलते रहते हैं। जिसके चार मुख्य कारण है - आहार संज्ञा, भय संज्ञा, मिथुन संज्ञा व परिग्रह संज्ञा। इनको दूर करने के लिए तप, ज्ञान, शील व दान धर्म में अपना पूरा ध्यान केंद्रित रखना चाहिए, तो ही आपका जीवन सार्थक है। इस अवसर पर आराधना भवन श्री संघ अध्यक्ष अशोक लुनिया, सचिव हिम्मत गेलड़ा, सहसचिव राजेश गांधी, ट्रस्टी विजय मेहता व अमृत जैन द्वारा आराधना भवन श्री संघ की ओर से तपस्वी मनीषा अनिल तलेरा एवं तपस्या महोत्सव के लाभार्थी तलेरा परिवार का अभिनंदन पत्र भेंट करते हुए शाल,श्रीफल व माला से बहुमान किया गया। आराधना भवन सेवा समिति की ओर से अध्यक्ष नरेंद्र घी वाला, सचिव संजय पारख, जय नाहर, विमल जैन ,नरेंद्र बनवट शिवलाल बंबोरी आदि द्वारा भी तपस्वी का बहुमान किया गया। महावीर मेहता की सुपुत्री उर्वी मेहता जो 14 दिसंबर को रतलाम में ही संयम पद पर आरुढ होकर दीक्षा लेने जा रही है, का बहुमान भी तलेरा परिवार द्वारा किया गया।
इस अवसर पर पारस सकलेचा, बाबूलाल सियाल, राजेंद्र कोठारी, अशोक कोठारी, राज लुनिया, कनकमल जैन, देवेंद्र पुंगलिया, हंसराज चोपड़ा, दिलीप गेलड़ा जयंतीलाल जैन, राजेंद्र सेठिया, मनोज लोढ़ा, मनीष पटवा, दीपक कटारिया, संजय भंडारी, अभिजीत सुराना आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन अमित कोठारी द्वारा किया गया