: गांधी जयंती पर पशु वध करना व मटन विक्रय करना प्रतिबंधित रहेगा
Tue, Oct 1, 2024
रतलाम 1 अक्टूबर । मध्यप्रदेश शासन के आदेशानुसार 2 अक्टूबर गांधी जयंती पर नगर सीमा में स्थित समस्त पशु वध गृह एवं मांस विक्रय की दुकानों पर पशुवध करना, मटन, गौश्त विक्रय करना अथवा बेचना निषेध किया गया है। निगम आयुक्त श्री हिमांशु भट्ट ने संबंधित स्वच्छता निरीक्षकों को निर्देशित किया है कि उक्त दिवस को पशु वध करते या मटन गौश्त विक्रय करते पाया जाये तो संबंधित के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जाये।
: मनीषा अनिल कुमार तलेरा द्वारा 30 उपवास का मासखमण तप पूर्ण
Mon, Sep 30, 2024
आराधना भवन श्री संघ की सुश्राविका मोहनबाई सौभागमल जी तलेरा परिवार में सो. मनीषा अनिल कुमार तलेरा ने महामृत्युंजय तप मासखमण 30 उपवास की तपस्या परम पूज्य गणिवर्य कल्याणरत्न विजय जी म. सा. की निश्रा में एवं तलेरा परिवार की कुल दीपिका पूज्य साध्वी भगवंत श्री शौर्य प्रिय श्री जी महाराज साहब की प्रेरणा से अपने आत्म बल को मजबूत कर पूर्ण की।
इस उपलक्ष में तलेरा परिवार द्वारा तप अनुमोदनार्थ तपस्या महोत्सव मनाया गया। इस सुप्रसंग के लिए प्रातः 6:30 बजे परम पूज्य गणिवर्य कल्याणरत्न विजय जी म. सा. मोती पूज्य जी मंदिर से चतुर्विध संघ के साथ प्रयाण कर राम मंदिर चौराहे पर पधारे, यहां अनिल तलेरा परिवार के साथ आराधना भवन श्री संघ, कस्तूरबा नगर श्रीसंघ, सज्जन मिल जैन श्री संघ के सैकड़ो की संख्या में समाज जन ने भव्य अगवानी की। वहां से सामैया प्रारंभ हुआ जिसमें ढोल पार्टी के साथ घंटनाद किया जा रहा था। सुसज्जित बग्घी में शंखेश्वर पारसनाथ प्रभु की तस्वीर शोभायमान रही। रास्ते भर गुरु भगवंत के समक्ष गहुली कर समाज जन आशीर्वाद प्राप्त करते रहे। गुरुजी हमारे आए हैं, नई रोशनी लाए हैं, के नारे लगाते रहे। सामैया कस्तूरबा नगर मुख्य मार्ग होते हुए तपस्वी मनीषा अनिल तलेरा के निवास स्थान पर पहुंचा जहां सुंदर गहुली और श्राविकाओं द्वारा सर पर कलश रखकर गुरु भगवंत की अगवानी की गई। यहां गुरु भगवंत ने तलेरा परिवार को संक्षिप्त हित शिक्षा प्रदान की। सामैया वहां से कस्तूरबा नगर श्री नमीनाथ जैन मंदिर पहुंचा, जहां प्रभु दर्शन वंदन एवं सामूहिक चैत्यवंदन किया गया। वहां से सामैया तपोत्सव स्थल सुमंगल गार्डन पहुंचकर धर्म सभा में परिवर्तित हो गया। प्रारंभ में सुमित तलेरा ने सुंदर स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
पूज्य गुरुदेव कल्याणरत्न विजय जी म. सा. ने फरमाया कि आपका मन सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है जिसमें हमेशा संकल्प विकल्प चलते रहते हैं। जिसके चार मुख्य कारण है - आहार संज्ञा, भय संज्ञा, मिथुन संज्ञा व परिग्रह संज्ञा। इनको दूर करने के लिए तप, ज्ञान, शील व दान धर्म में अपना पूरा ध्यान केंद्रित रखना चाहिए, तो ही आपका जीवन सार्थक है। इस अवसर पर आराधना भवन श्री संघ अध्यक्ष अशोक लुनिया, सचिव हिम्मत गेलड़ा, सहसचिव राजेश गांधी, ट्रस्टी विजय मेहता व अमृत जैन द्वारा आराधना भवन श्री संघ की ओर से तपस्वी मनीषा अनिल तलेरा एवं तपस्या महोत्सव के लाभार्थी तलेरा परिवार का अभिनंदन पत्र भेंट करते हुए शाल,श्रीफल व माला से बहुमान किया गया। आराधना भवन सेवा समिति की ओर से अध्यक्ष नरेंद्र घी वाला, सचिव संजय पारख, जय नाहर, विमल जैन ,नरेंद्र बनवट शिवलाल बंबोरी आदि द्वारा भी तपस्वी का बहुमान किया गया। महावीर मेहता की सुपुत्री उर्वी मेहता जो 14 दिसंबर को रतलाम में ही संयम पद पर आरुढ होकर दीक्षा लेने जा रही है, का बहुमान भी तलेरा परिवार द्वारा किया गया।
इस अवसर पर पारस सकलेचा, बाबूलाल सियाल, राजेंद्र कोठारी, अशोक कोठारी, राज लुनिया, कनकमल जैन, देवेंद्र पुंगलिया, हंसराज चोपड़ा, दिलीप गेलड़ा जयंतीलाल जैन, राजेंद्र सेठिया, मनोज लोढ़ा, मनीष पटवा, दीपक कटारिया, संजय भंडारी, अभिजीत सुराना आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन अमित कोठारी द्वारा किया गया
: काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन ने जिला चिकित्सालय के उपयोग हेतु विभिन्न सामग्री प्रदान करी
Sat, Sep 28, 2024
श्राद्ध पक्ष में पूर्वजों की स्मृति में सेवा समर्पण
प्राचीन काल से चली आ रही परंपरा अनुसार श्राद्ध पक्ष में पूर्वजों की स्मृति में अनेक प्रकार के दान किए जाते हैं| उसी कड़ी में आज काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन के सचिव व जिला रोगी कल्याण समिति सदस्य गोविंद काकानी ने समाज सेवियो की मदद से सिविल सर्जन एम एल सागर को विभिन्न सामग्रियां जिला चिकित्सालय के उपयोग हेतु प्रदान करी| जिसमें 4000 मास्क, लगभग 50 नए कपड़ों का सेट, 6 तकिए, 20 डायपर, एक ब्लड प्रेशर चेक करने की मशीन, 12 टॉवल, 12 चड्डियां, निराश्रित को प्रतिदिन लगने वाली सामग्री( तेल, मंजन, शैंपू ,साबुन) एवं पुराने कपड़े आदि |
सिविल सर्जन सागर
ने जिला चिकित्सालय के सहयोग हेतु काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन का धन्यवाद अर्पित करते हुए बताया कि अपने लिए तो हर कोई करता है पर निराश्रित लोगों के लिए कार्य करना वास्तव में बहुत ही प्रशंसनीय एवं अनुकरणीय है ।
समाजसेवियों का सराहनीय सहयोग
समाजसेवी गोविंद काकानी ने बताया कि जिला चिकित्सालय के आइसोलेशन वार्ड में प्रतिदिन निराश्रित लोगों के लिए अनेक सामग्री की आवश्यकता होती है उसी की पूर्ति करने के लिए सामग्री प्रदान करने में सभी समाजसेवी संजीव काबरा( मुंबई) ने पिताजी स्व मोहनलाल जी काबरा की स्मृति में, सुभाष भटेवरा, गोपाल माहेश्वरी, नितिन पौराणिक, इंजीनियर रवि सक्सेना, दीपक डोसी, भावेश गुजराती एवं सुनीता काकानी का सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ। निराश्रित एवं असहाय लोगों के लिए सहयोग करने पर अध्यक्ष माधव काकानी ने समन्वय परिवार, प्रभु प्रेमी संघ एवं काकानी सोशल वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से धन्यवाद अर्पित किया | इस अवसर पर रोगी कल्याण समिति ऑफिस से सुशील शुक्ला, श्रीमती दया आचार्य, वार्ड बॉय गोलू आदि उपस्थित थे|