निगम अपडेट : स्वास्थ्य प्रभारी ने बदले जोन प्रभारियों के कार्यक्षेत्र
Wed, Dec 24, 2025
नगर निगम स्वास्थ्य प्रभारी राजेंद्र सिंह द्वारा बताया गया कि शहर की सफाई और स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से वार्डों का नए सिरे से बंटवारा किया गया है। इस नए आदेश के तहत विभिन्न क्षेत्रों में नए जोन प्रभारी नियुक्त किए गए हैं और कुछ कर्मचारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल किया गया है।
प्रमुख जोन और प्रभारियों की सूची :
निगम द्वारा जारी नई व्यवस्था के अनुसार वार्डों को चार प्रमुख जोनों में बांटकर जिम्मेदारी सौंपी गई है:
अलकापुरी क्षेत्र (जोन-1): यहाँ वार्ड क्रमांक 1 से 14 तक की जिम्मेदारी किरण चौहान (जोन प्रभारी) को दी गई है। (संपर्क: 74711 44932)
अम्बेडकर भवन/पोलो ग्राउंड क्षेत्र (जोन-2): वार्ड क्रमांक 28 से 39 तक का जिम्मा आशीष चौहान (जोन प्रभारी) संभालेंगे। (संपर्क: 6260542435)
अमृत सागर तालाब क्षेत्र (जोन-3): वार्ड क्रमांक 15, 16, 17, 18, 22, 23, 45, 46, 47, 48 और 49 की जिम्मेदारी तरुण राठौर (जोन प्रभारी) को सौंपी गई है। (संपर्क: 8305078784)
माली कुआं क्षेत्र (जोन-4): वार्ड क्रमांक 19, 20, 21, 22, 23, 24, 25, 26, 27, 40, 41, 42, 43 और 44 की जिम्मेदारी पर्वत हार्ड (जोन प्रभारी) को सौंपी गई है। (संपर्क: 7471144931)
प्रशासकीय कार्रवाई :
क्षेत्रीय कार्यप्रणाली में सुधार के लिए कुछ महत्वपूर्ण बदलाव भी किए गए हैं:
दुष्यंत ऊटवाल (दरोगा): श्याम प्रसाद नगर बस स्टैंड से इनका प्रभार हटाकर बरखास्त कर दिया गया है।
विनय चौहान: जुलवानिया स्थित बंधीकरण केंद्र पर पदस्थ किया गया है।
स्वास्थ्य प्रभारी राजेंद्र सिंह के अनुसार, इस नए बंटवारे से वार्डों की मॉनिटरिंग बेहतर होगी और जनता की शिकायतों का त्वरित निराकरण हो सकेगा।
छात्रा के साथ अशोभनीय हरकत : कलेक्टर के निर्देश पर शिक्षक गोविंद कसावत निलंबित
Mon, Nov 17, 2025
शासकीय प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक गोविंद सिंह कसावत द्वारा एक छात्रा के साथ अनुचित एवं अनैतिक व्यवहार किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। छात्रा के परिजनों ने घटना की शिकायत थाना रावटी में दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने प्रकरण को आरोप-पत्र सहित विवेचना में लिया है।
मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर के निर्देश पर जनजातीय कार्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शिक्षक गोविंद सिंह कसावत, जो प्राथमिक विद्यालय नरसिंहनाका संकुल केन्द्र शासकीय हाई स्कूल उमर में पदस्थ थे, को निलंबित कर दिया है। सहायक आयुक्त, जनजातीय कार्य विभाग द्वारा जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि आरोप प्रथमदृष्टया गंभीर पाए जाने पर शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि में कसावत का मुख्यालय शासकीय हाई स्कूल भीलोंकीखेड़ी, जिला रतलाम निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें मूलभूत नियम 53 के तहत जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता भी प्रदान की जाएगी।
प्रकरण सामने आने के बाद अभिभावकों और स्थानीय जनों में रोष व्याप्त है। विभागीय जांच आगे जारी है।
ऑफिस के नाम की दुकान में खोला शोरूम : निगम द्वारा दुकान सील की कार्यवाही
Sun, Nov 2, 2025
शहर के सराफा बाजार स्थित आज़ाद क्लब परिसर में आवंटित दुकान को लेकर बड़ा घोटाला सामने आया है। जिस दुकान को कार्यालय संचालन के लिए आवंटित किया गया था, उसमें अब सोने–चांदी के आभूषण की दुकान चलाने की कोशिश की जा रही थी। शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए नगर निगम ने उक्त दुकान को सील कर दिया।
लाखों रुपए का हुआ लेनदेन: जानकारी के अनुसार, आज़ाद क्लब के बाहर स्थित दुकान नंबर : 2 को ओम प्रकाश शर्मा नामक व्यक्ति को कार्यालय उपयोग के लिए दी गई थी, लेकिन उन्होंने “ओम ज्वैलर्स” के नाम से दुकान तैयार करना शुरू कर दिया। करीब 30 दिनों तक फर्नीचर, साज-सज्जा और शो-केस का कार्य चलता रहा। सूत्रों के मुताबिक इस पूरी प्रक्रिया में लाखों रुपए खर्च हुए हैं।
निगम की सख्ती: निगम आयुक्त ने कहा कि आवंटन की शर्तों के अनुसार दुकान का उपयोग केवल कार्यालय कार्य के लिए किया जा सकता था। बिना अनुमति व्यावसायिक उपयोग करना नियमों का उल्लंघन है। निरीक्षण दल ने मौके पर जाकर दुकान को सील कर दिया और आगे की जांच शुरू की गई है।
स्थानीय लोगों ने जताया आक्रोश: सराफा बाजार के व्यापारियों ने इस घटना पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि अगर प्रशासन सख्त कार्रवाई नहीं करेगा तो भविष्य में इस तरह के अनुचित कब्जे और बढ़ेंगे।